मैग्नेटो मॉल तोड़फोड़ मामले में बजरंग दल का जोरदार प्रदर्शन, तेलीबांधा थाने के सामने चक्काजाम
रायपुर - छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 24 दिसंबर को मैग्नेटो मॉल में हुई तोड़फोड़ की घटना के बाद माहौल फिर गरमा गया है। पुलिस द्वारा 7 कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को तेलीबांधा थाने के सामने मुख्य सड़क पर धरना देते हुए चक्काजाम कर दिया, जिससे पूरे इलाके में ट्रैफिक ठप हो गया।
कार्यकर्ता थाने के सामने सड़क पर बैठ गए और गिरफ्तार साथियों की रिहाई की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। बजरंग दल नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को फौरन रिहा नहीं किया गया तो हजारों की संख्या में सामूहिक गिरफ्तारी दी जाएगी। यदि पुलिस गिरफ्तारी नहीं लेती तो अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
दरअसल, कार्यकर्ताओं ने पहले सिविल लाइंस थाने में गिरफ्तारी देने की घोषणा की थी, जिसके चलते वहां भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। लेकिन अंतिम क्षणों में रणनीति बदलकर कार्यकर्ता सीधे तेलीबांधा थाने पहुंच गए और अचानक चक्काजाम शुरू कर दिया। इस अप्रत्याशित प्रदर्शन से पुलिस अलर्ट हो गई और मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया।









